मुंबई, 12 फरवरी, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। NCP के अध्यक्ष शरद पवार ने दिल्ली में महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे को सम्मानित किया। इस पर महाराष्ट्र की राजनीति में हंगामा हो गया है। बुधवार को महाविकास अघाड़ी (MVA) में सहयोगी पार्टी शिवसेना (UBT) ने नाराजगी जताई है। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि शिंदे ने ही अमित शाह की मदद से शिवसेना को तोड़ा था। उनका सम्मान करना भाजपा नेता का सम्मान करने के जैसा है। जिसे हम महाराष्ट्र का दुश्मन समझते हैं उसे ऐसा सम्मान देना, महाराष्ट्र के गौरव पर आघात है। राउत ने कहा कि शरद पवार को इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए, क्योंकि शिंदे ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए की सरकार गिरा दी थी। उन्होंने सवाल किया- क्या आप जानते हैं कि यह अवॉर्ड किसने दिया? राजनीतिक नेताओं को दिए जाने वाले ऐसे अवॉर्ड या तो खरीदे या बेचे जाते हैं। शरद पवार की पार्टी ने 11 फरवरी को शिंदे को 'महादजी शिंदे राष्ट्र गौरव पुरस्कार' से सम्मानित किया था। यह सम्मान 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में दिया गया था।
शरद पवार गुट की पार्टी NCP ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह राजनीति नहीं बल्कि साहित्य का कार्यक्रम था। NCP (SP) सांसद अमोल कोल्हे ने कहा कि राउत अपनी निजी राय जाहिर कर सकते हैं। यह अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का हिस्सा था। उन्होंने स्टेट्समैनशिप को दिखाया है। हर चीज में राजनीति को नहीं लानी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि इसमें कुछ गलत है। भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने राउत के बयान पर कहा कि NCP (शरद गुट) अध्यक्ष एक तरह से यह जाहिर कर रहे थे कि उद्धव ठाकरे की तुलना में एकनाथ शिंदे ने बतौर CM अच्छा काम किया है। पवार ने स्वीकारा है कि शिंदे अच्छे CM थे। भाजपा नेता ने साथ ही दावा किया कि पवार ने अपनी बायोग्राफी में लिखा है कि उद्धव ठाकरे ने 2019 से 2022 के बीच केवल 2 बार मंत्रालय गए थे जबकि शिंदे 22 घंटे काम करते थे। बावनकुले ने कहा कि शरद पवार ने महसूस किया कि उद्धव ने राज्य को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, सम्मान समारोह में एकनाथ शिंदे ने कहा था- कई लोग शरद पवार की राजनीतिक गुगली को नहीं समझ पाते हैं। कभी-कभी तो किनारे बैठे लोग या सीटों पर बैठे लोग भी उनकी गुगली को नहीं समझ पाते हैं। शिंदे ने कहा कि यह उनसे सीखने वाली बात है कि राजनीतिक क्षेत्र से परे जाकर अच्छे संबंध कैसे बनाकर रखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा, पवार गुगली गेंदें भी फेंकते हैं, जिन्हें समझना मुश्किल होता है। मेरे शरद पवार के साथ अच्छे संबंध हैं, लेकिन उन्होंने मुझे कभी गुगली नहीं फेंकी। मुझे पूरा भरोसा है कि वह भविष्य में भी मुझे गुगली नहीं फेंकेंगे।
आपको बता दें, महाराष्ट्र में नवंबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में शिवसेना (UBT), NCP (शरद गुट) और कांग्रेस के गठबंधन MVA की हार हुई थी। MVA में शिवसेना (UBT) 20, कांग्रेस 16 और शरद पवार की NCP को 10 सीटों पर जीत मिली थी। बहुमत का आंकड़ा 145 है। महायुति को 230 सीटें मिलीं। इसमें भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और NCP को 41 विधायक जीते। वहीं, MVA को 46 और अन्य को 12 सीटें मिली थीं।