मुंबई, 06 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव को 3 मार्च को 14.2 किलो सोने के साथ बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उनकी तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में उनकी आंखों के नीचे डार्क सर्किल नजर आ रहे हैं। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने कहा, रान्या एक साल में 27 बाद दुबई गईं। रान्या के खिलाफ गोल्ड स्मगलिंग का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को रान्या के लावेल रोड स्थित आलीशान अपार्टमेंट की तलाशी ली। यहां से 2.1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और 2.7 करोड़ रुपए नकद भी बरामद किए। रान्या कर्नाटक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के DGP रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। 3 मार्च की रात दुबई से बेंगलुरु लौटने के दौरान डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने उसे कैंपागौड़ा एयरपोर्ट पर 14.2 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था। रान्या ने इसे अपने बेल्ट में छिपाकर लाई थी। DGP रामचंद्र राव ने कहा, मेरा रान्या से कोई वास्ता नहीं है। मेरे करियर पर कोई काला धब्बा नहीं है। किसी भी अन्य पिता की तरह जब मीडिया के जरिए यह बात मुझे पता चली तो मैं हैरान हो गया। मुझे इनमें से किसी भी बात की जानकारी नहीं थी। मैं इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहता। रान्या अब हमारे साथ नहीं रह रही हैं। वे अपने पति के साथ अलग रह रही हैं।
तो वहीं, गिरफ्तारी के बाद रान्या राव को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। रान्या कन्नड़ फिल्म माणिक्य और पाटकी में काम कर चुकी हैं। रान्या ने अपनी बॉडी, जांघों और कमर पर टेप लगाकर सोना छिपाया था। कपड़ों में सोना छिपाने के लिए उन्होंने मॉडिफाइड जैकेट और रिस्ट बेल्ट का इस्तेमाल किया। सूत्रों का दावा है कि रान्या को हर एक किलो सोना लाने पर 1 लाख रुपए मिलते हैं। इस तरह हर ट्रिप में उनकी 12 से 13 लाख रुपए की कमाई हुई। DRI अधिकारियों के मुताबिक, रान्या राव दुबई से एमिरेट्स फ्लाइट के जरिए भारत लौटी थीं। सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही उनकी एक्टिविटी पर नजर रख रही थीं, क्योंकि वे पिछले 15 दिनों में 4 बार दुबई जा चुकी थीं। रान्या अपने कपड़ों में सोना छिपाए हुई थीं। जिसकी कीमत 12.56 करोड़ रुपए है। इसके अलावा पुलिस ने उनके घर पर भी रेड की। वहां से 2 करोड़ कीमत का सोना और 2 करोड़ रुपए कैश बरामद हुआ। DRI की दिल्ली टीम को पहले से ही रान्या के सोने की तस्करी में शामिल होने की जानकारी थी। इसलिए 3 मार्च को उनकी फ्लाइट के लैंड करने से दो घंटे पहले ही अधिकारी एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे।
जानकारी के मुताबिक रान्या ने एयरपोर्ट पर उतरते ही खुद को कर्नाटक के DGP की बेटी बताया। साथ ही लोकल पुलिस से कॉन्टैक्ट कर एयरपोर्ट से निकालने की कोशिश की, लेकिन DRI की टीम उन्हें पूछताछ के लिए बेंगलुरु के DRI हेडक्वार्टर में ले गई। जांच में पता चला कि रान्या सोने को अपने कपड़ों में छिपाए हुई थीं। 3 मार्च की शाम 7 बजे उन्हें हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान रान्या ने दावा किया कि वे बिजनेस के सिलसिले में दुबई गई थीं। हालांकि, DRI अधिकारियों को शक है कि वे तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह पहली बार हुआ या वे पहले भी सोने की तस्करी में शामिल रही हैं।